कोरोना देश में:संक्रमण से अब तक 69% पुरुष मरीजों की मौत हुई, सबसे ज्यादा 60 साल से अधिक उम्र के !

Getting your Trinity Audio player ready...
  • देश में अब तक 1.01 लाख से ज्यादा संक्रमितों की हो चुकी है मौत
  • 9.45 मरीजों का चल रहा इलाज, इनमें 9 हजार की हालत गंभीर

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 65 लाख के पार हो गया है। अब तक 65 लाख 9 हजार 513 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 54 लाख 61 हजार 359 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 45 हजार 401 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 1 हजार 199 मरीजों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों को देखें तो इनमें 69% पुरुष मरीज थे, जबकि 31% महिला मरीजों की मौत हुई है। उम्र के हिसाब से देखें तो 1 से 17 साल तक के 1%, 18 से 25 साल तक के 1% मरीज ने जान गंवाई है। 26 से 44 साल के 11% और 45 से 60 साल तक के 36% मरीजों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 51% जान गंवाने वाले संक्रमितों की उम्र 60 साल से ज्यादा थी।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस 4 राज्यों में

सबसे ज्यादा एक्टिव केस वाले चार राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में ही 5 लाख 7 हजार मरीज हैं, यानी बाकी सभी राज्यों के कुल एक्टिव केस से दोगुना। इन मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

कोरोना अपडेट्स

  • महाराष्ट्र सरकार ने 5 अक्टूबर से राज्य में 50% क्षमता के साथ रेस्टोरेंट खोलने का फैसला लिया है। इसके लिए रविवार को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक रेस्टोरेंट में एंट्री गेट पर ही सभी कस्टमर्स की स्क्रीनिंग होगी। केवल एसिंप्टोमैटिक कस्टमर को एंट्री दी जाएगी।
  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में 56,258 कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए थे, जिसमें से 2,920 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिविटी रेट कम होकर 5.19% हो गई है।
  • संक्रमण के चलते नोएडा के थाना फेस-3 के थाना प्रभारी अमित सिंह की शनिवार को मौत हो गई। जिले में संक्रमण से अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दो दिन पहले उन्हें हल्का बुखार था।
  • कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अहमद पटेल गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव मिले।
  • उत्तराखंड में विधानसभा सत्र से एक दिन पहले प्रदेश के वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
  • रिलायंस लाइफ साइंसेज ने एक ऐसी आरटी-पीसीआर किट तैयार की है, जो 2 घंटे में नतीजे बता सकती है।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश
शुक्रवार को 2019 नए मरीज मिले और 2332 लोग ठीक हुए। इंदौर में 495 नए मरीज मिले। शहर में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 4567 पर पहुंच गई है। यहां अब तक 24970 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 19825 ठीक हो गए। अब तक 578 लोगों की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
शुक्रवार को 2211 संक्रमित मिले। जयपुर में सबसे ज्यादा 414 केस आए और 279 मरीज ठीक हो गए। सवाई माधोपुर में मृत्युदर सबसे ज्यादा 2.1% है। जिले में अब तक 927 केस आए हैं। इनमें से 19 लोगों की मौत हो चुकी है। अलवर, झालावाड़ और हनुमानगंज में मृत्युदर सबसे कम 0.4% है।

3. बिहार
शुक्रवार को 1431 केस आए और 1497 मरीज ठीक हुए। 4 संक्रमितों की मौत हुई। यूपी के बाद यहां सबसे ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। 24 घंटे में यहां 1 लाख 20 हजार 128 टेस्ट किए गए। राज्य में अब तक 75.06 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। यहां मृत्युदर सिर्फ 0.5% है। सबसे कम मृत्युदर के मामले में यह दादरा-नगर हवेली, अंडमान-निकोबार के बाद तीसरे नंबर पर है।

4. महाराष्ट्र
शुक्रवार को 15 हजार 591 मरीज बढ़े और 13 हजार 294 लोग ठीक हो गए। राज्य में अभी 2 लाख 60 हजार 876 एक्टिव केस हैं। राज्य में बीते चार दिनों में रविवार को छोड़कर बाकी दिन नए मरीजों की तुलना में ठीक हुए मरीजों की संख्या ज्यादा रही। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट (20.4%) यहां देश में सबसे ज्यादा है, यानी यहां हर 100 टेस्ट पर 20 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।

5. उत्तरप्रदेश
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा- 24 घंटों में 1,62,212 सैंपल्स की जांच की गई। अब तक कुल 1 करोड़ 4 लाख 26 हजार 42 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में रिकवर होने के बाद डिस्चार्ज हुए लोगों की कुल संख्या 3,51,966 है। कुल रिकवरी 86.47% है। प्रदेश में सक्रिय मामले 49,112 है। संक्रमित लोगों में से कुल 5917 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *