हेमंत पांडे बने उत्तराखंड आइकन, अभिनय क्षेत्र में अवार्ड से नवाजे गए

| Getting your Trinity Audio player ready... |
अभिनेता हेमंत पांडे (Hemant Pande) को उत्तराखंड आईकॉन अवॉर्ड 2020 से नवाजा गया है। उत्तराखंड वर्ल्ड रिकॉर्ड संस्थान ने उन्हें यह अवार्ड दिया।
हल्द्वानी में हुए कार्यक्रम में उनके साथ ही समाजसेवी हरिजन पांडे को भी सम्मानित किया गया है। एसडीएम विवेक राय ने उन्हें यह अवार्ड दिया।
हेमंत पांडे (Hemant Pande) ने कहा कि यह अवार्ड उन्हें अभिनय के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
वह उत्तराखंड में फिल्म क्षेत्र में विकास की कोशिश करेंगे। आपको बता दें कि करीब 50 वर्षीय इस अभिनेता को बालीवुड की फिल्मों में ज्यादातर कॉमेडी रोल मिले हैं।
वह खुद जानी वाकर, जानी लीवर के अभिनय को देखते रहे हैं। उन्होंने बालीवुड एक्टर ऋतिक रोशन के साथ ‘क्रिष’, माधवन और सैफ अली खान के साथ ‘रहना है तेरे दिल में’ जैसी फिल्मों में रोल अदा किए हैं।
इसके अलावा यदि सीरियल्स की बात करें तो वह ‘घसीटा’, ‘ऑफिस ऑफिस’ समेत कई सीरियलों में अपने अभिनय की छटा बिखेर चुके हैं।
मूल रूप से उत्तराखंड के कुमाऊं में पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले अभिनेता हेमंत पांडे अक्सर अपने गांव आते हैं। उन्हें देव भूमि की माटी से खास लगाव है।
वह मुंबई में रहते हुए भी अपना जन्म स्थान नहीं भूलते। अक्सर विभिन्न त्योहार आदि के अवसर पर उनको गांव लौट कर इनमें शामिल होते देखा जा सकता है।
आपको बता दें कि हेमंत पांडे उन चंद कलाकारों में से है, जिन्होंने बिना किसी सहारे के कुमाऊं से चकाचौंध की नगरी मुंबई पहुंच कर अपनी प्रतिभा के बूते अपना एक मुकाम बनाया है।
इसके बावजूद उनके कदम हमेशा धरातल पर रहे हैं। उन्होंने हमेशा उत्तराखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की है।
वह उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग का हब भी बनाने की तमन्ना रखते हैं। इसके लिए वह कई बार मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी मुलाकात कर चुके हैं।
