पाकिस्तान में यह लगाई गई दिलीप कुमार, राजकपूर के पुश्तैनी घरों की कीमत

1 min read

पाकिस्तान (Pakistan) में फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के घर की कीमत 8.56 मिलियन, जबकि  राजकपूर के घर की कीमत 10.5 मिलियन आंकी गई है।

भारतीय फिल्म अभिनेताओं राजकपूर और दिलीप कुमार के यह घर पाकिस्तान (Pakistan) के खैबर पख्तूनख्वा में स्थित हैं। दोनों अभिनेताओं का जन्म पेशावर स्थित किस्सा ख्वानी इलाके में हुआ था। आज यह घर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है।

वहां खैबर पख्तूनवा की सरकार ने इन मकानों की कीमत का आकलन कराया है। इसके बाद इन्हें खरीदा जाएगा। सरकार यहां म्यूजियम बनाने की तैयारी में है।

यदि इस कीमत को भारतीय करेंसी में देखें तो दिलीप कुमार के घर की कीमत करीब 40 लाख और राजकपूर के घर कीमत 48 लाख लगाई है।

पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पेशावर प्रशासन के दोनों घरों की कीमत का आकलन करने के बाद खैबर पख्तूनख्वा सरकार के पुरातत्व विभाग ने संस्कृति विभाग के सचिव के समक्ष फाइल भेजी है और इनकी खरीद के लिए फंड की मांग की है।

भारत के बंटवारे से पूर्व वर्तमान पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पैदा हुए राजकपूर और दिलीप कुमार को दोनों ही देशों में दर्शकों का प्यार मिला है। विभाजन के बाद इनके परिवार पेशावर छोड़कर भारत में मुंबई में आकर बस गए थे।

आपको बता दें कि राजकपूर का निधन 1988 में हो गया था, जबकि दिलीप कुमार उम्र का शतक लगाने के करीब हैं।

फिलहाल राजकपूर और दिलीप कुमार के पैतृक घर निजी मालिकाना हक में हैं, जिन्हें रकम अदा कर सरकार खरीदेगी और फिर उन्हें म्यूजियम के तौर पर विकसित किया जाएगा।

पेशावर के सरकारी अधिकारियों का मानना है कि  बालीवुड के इन महान कलाकारों का शहर से संबंध रहा है। ऐसे में यहां उनका म्यूजियम होना चाहिए। इसी योजना के तहत सौ साल से ज्यादा पुराने दोनों मकानों को म्यूजियम के तौर पर विकसित किया जाएगा। इनमें दिलीप कुमार, राजकपूर के बारे में जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *