अपहरण में नाकाम रहने पर छात्रा को गोली मारी, मौत

| Getting your Trinity Audio player ready... |
बल्लभगढ़ थाना क्षेत्रांतर्गत मिल्क प्लांट रोड स्थित अग्रवाल कॉलेज के सामने कार सवार दो युवकों ने बीकॉम अंतिम वर्ष की एक छात्रा के अपहरण की कोशिश की। इसमें नाकाम रहने पर युवक ने छात्रा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद से छात्रा के परिजनों में जबरदस्त गुस्सा है। यह मांग कर रहे हैं कि उनकी बेटी के हत्यारों को तुरंत सजा दी जाए। उनका कहना है कि आरोपियों को गैंगस्टर विकास दुबे या हैदराबाद के डॉक्टर दुष्कर्म मामले के आरोपियों जैसी सजा मिले। इसे लेकर परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर हाईवे पर जाम भी लगाए रखा, जिसे मशक्कत से खुलवाया गया।
निकिता के आक्रोशित माता-पिता का कहना है कि जब सीसीटीवी फुटेज में सब कुछ साफ-साफ दिख रहा है और आरोपी बेटी की हत्या करता हुआ दिख रहा है तो उससे पूछताछ करने का क्या मतलब रह जाता है?
पुलिस आरोपी तौफीक को उसके साथियों संग गिरफ्तार कर रिमांड पर ले चुकी है। बता दें कि आरोपी निकिता के साथ ही स्कूल में पढ़ता था और तभी से उसे परेशान करता था। दो साल पहले भी आरोपी ने उसका अपहरण करने की कोशिश की थी लेकिन कामयाब नहीं हो सका था। इस बार भी उसने इसी कोशिश को अंजाम दे दिया, लेकिन असफल रहा। इससे गुस्साए तौफीक ने दुस्साहस दिखाते हुए सरेराह निकिता को गोली मार दी। निकिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
