मुरादनगर श्मशान घाट हादसा: ऋषिकेश के युवक ने भी खोया अपना चचेरा भाई
1 min readमुरादनगर (muradnagar) श्मशान घाट की छत गिरने के हादसे में ऋषिकेश के युवक ने भी अपने चचेरे भाई को खो दिया। इससे पूरे परिवार में शोक है।
ऋषिकेश के आवास विकास कालोनी निवासी प्रतीक वर्मा को उनके चचेरे भाई दिग्विजय सोनी, उम्र 22 साल के न रहने की खबर रविवार तीन जनवरी को मिली।
बताया जाता है कि दिग्विजय सोनी निवासी मुरादनगर (muradnagar) के दोस्त के नाना जयराम की तबीयत खराब थी। वे रात भर अस्पताल में रहे। दिग्विजय उन्हें देखने गए थे।
सुबह उनकी मौत हो गई। दिग्विजय उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गाजियाबाद (ghaziyabad) जिले के उखालसा (मुरादनगर) स्थित श्मसान घाट गए थे।
वहां बारिश होने लगी, जिसके बाद अंत्येष्टि में शामिल लोग छज्जे के नीचे आ गए। वहीं, जमीन धंसने से छत भरभराकर गिर पड़ी। इसके नीचे दबने वालों में दिग्विजय भी शुमार थे।
उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत (brought dead) घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि मुरादनगर में तीन जनवरी, 2021 रविवार को श्मशान घाट की छत गिरने के इस हादसे में 25 लोग मारे गए थे और 17 लोग घायल हुए थे।
मामला एकदम चर्चा में आ गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सख्त रुख अपनाया। अमला तुरंत हरकत में आया और आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हो गई।
श्मशान घाट निर्माण मामले में अनियमितता सामने आई। जिस पर बुधवार को पुलिस ने इस मामले में पांचवी गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
आरोपी ठेकेदार ने नगरपालिका के ईओ और जेई को 16 लाख की रिश्वत खिलाए जाने की बात स्वीकारी।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मुआवजे की राशि भी ठेकेदारों और इंजीनियरों से वसूले जाने के आदेश दिए हैं
ऐसा पहली बार होगा, जब मृतकों के परिजनों को दिए जाने वाले मुआवजे की भरपाई आरोपियों को करनी होगी। बहरहाल, पीड़ितों को इस मामले में इंसाफ का इंतजार है।