Snow leopard: पहले चरण की गणना शुरू, 20 दिसंबर तक चलेगी

| Getting your Trinity Audio player ready... |
उत्तराखंड में हिम तेंदुओं (snow leopard) की गणना सोमवार से शुरू हो गई। यह गणना प्रदेश के सभी उच्च क्षेत्रों के 10 डिवीजन में चलने वाली है।
अधिकारियों के मुताबिक हिम तेंदुओं (snow leopard) की गणना आने वाली 20 दिसंबर तक पूरी की जाएगी।
आपको बता दें कि देश और प्रदेश में पहली बार हिम तेंदुए को गिना जा रहा है। भारतीय वन्यजीव संस्थान यानी WII की सहायता से वन विभाग ने इससे पूर्व इन हिम तेंदुओं के ठिकानों पर एक सर्वेक्षण किया था।
इस सर्वेक्षण में पूरे प्रदेश में इनकी संख्या करीब 86 के आसपास होने का दावा किया गया था। माना जा रहा है कि अब यह संख्या 100 के करीब हो सकती है।
प्रदेश में 1 हजार मीटर से लेकर साढ़े 3 हजार मीटर तक के क्षेत्र में हिम तेंदुओं की गणना की जाएगी। इस गणना में वन विभाग के साथ ही भारतीय वन्य जीव संस्थान के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि एक बार हिम तेंदुओं की सही संख्या पता चल जाने के बाद इनके संरक्षण की योजना बनाया जाना संभव हो सकेगा।
हिम तेंदुओं के विषय में अधिक से अधिक जानने को लेकर वन्य जीव प्रेमियों के साथ ही वन्य जीव विशेषज्ञों के भीतर भी उत्सुकता बनी हुई है।
